मनोज बाजपेयी स्टारर वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडित’ पर बवाल, मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान, नोटिस जारी

भोपाल। नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली अभिनेता मनोज बाजपेयी की आगामी वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडित’ के टाइटल को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है और अब यह मामला राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तक पहुंच गया है।

एनएचआरसी ने इस मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्हें GemsOfBollywood की ओर से शिकायत मिली है, जिसमें कहा गया है कि नेटफ्लिक्स इंडिया द्वारा प्रस्तावित “घूसखोर पंडित” नाम का कार्यक्रम एक विशेष जाति और समुदाय को निशाना बनाकर उपहास और अपमान की श्रेणी में आता है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस तरह का टाइटल समाज में वैमनस्यता बढ़ा सकता है और यह मनोवैज्ञानिक हिंसा के दायरे में आता है, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ने और मानव जीवन को खतरा पैदा होने की आशंका है, इसी आधार पर आयोग ने मामले में नोटिस जारी किया है।

बताया जा रहा है कि इस वेब सीरीज में मनोज बाजपेयी एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन टाइटल ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर ब्राह्मण समाज और कई संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है और इसे पूरे समुदाय को भ्रष्टाचार से जोड़कर अपमानित करने वाला बताया है।

इस विवाद ने प्रदेश की सियासत को भी गर्मा दिया है, जहां बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं और मामला अब सोशल मीडिया से निकलकर सड़कों और आयोगों तक पहुंच चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *