डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के लिए MP में QR कोड की पहल, मार्च 2026 तक पूरे प्रदेश में लागू होगी सुविधा

भोपाल। मध्य प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, खासकर डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी के मामलों पर लगाम लगाने के लिए राज्य पुलिस की साइबर सेल ने एक बड़ा कदम उठाया है। मार्च 2026 के अंत तक पूरे प्रदेश के सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, पार्किंग, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सरकारी-निजी कार्यालयों में विशेष QR कोड लगाए जाएंगे।

इन QR कोड को स्कैन करते ही लोगों को साइबर सुरक्षा के जरूरी उपाय, ठगी से बचाव के आसान टिप्स और शिकायत दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया एक ही जगह मिल जाएगी। स्कैन करते ही हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in का डायरेक्ट लिंक भी खुल जाएगा, ताकि ठगी का शिकार होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कर बैंक में रकम होल्ड कराने की प्रक्रिया आसान हो सके।

मध्य प्रदेश साइबर पुलिस मुख्यालय के मुताबिक ये QR कोड उन सभी प्रमुख जगहों पर लगाए जाएंगे, जहां रोज बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। सरकारी दफ्तरों से लेकर निजी ऑफिस, शॉपिंग मॉल और सार्वजनिक पार्किंग तक हर जगह यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस विभाग इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी करेगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग जागरूक हों और समय रहते ठगी से बच सकें।

बीते कुछ समय में प्रदेश में डिजिटल अरेस्ट के कई मामले सामने आए हैं, जहां ठग खुद को फर्जी CBI, ED या पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं और उनसे लाखों रुपये ठग लेते हैं। इस नई पहल से आम लोगों को तुरंत सही जानकारी मिलेगी और फ्रॉड की रकम वापस पाने की संभावना भी पहले से ज्यादा बढ़ जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *