दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर आयोजित परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में छात्रों से सीधा संवाद हुआ, जहां पीएम मोदी ने विद्यार्थियों को बीते हुए समय की चिंता छोड़कर आगे बचे समय पर फोकस करने और उसे सकारात्मक तरीके से जीने की सीख दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पहल को छात्रों के लिए बेहद उपयोगी बताया और इसे प्रेरणादायक मार्गदर्शन करार दिया।
परीक्षा आत्मविश्वास अनुशासन और धैर्य की कसौटी होती है और ऐसे समय में सही दिशा दिखाने वाला मार्गदर्शन छात्रों के मन से डर हटाकर उनमें नई ऊर्जा भर देता है। इसी भावना के साथ प्रधानमंत्री ने छात्रों से कहा कि तनाव नहीं संतुलन अपनाइए प्रतिस्पर्धा नहीं आत्म विकास पर ध्यान दीजिए और परिणाम की चिंता छोड़कर निरंतर प्रयास पर भरोसा रखिए।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के शब्दों में सकारात्मक दृष्टिकोण लक्ष्य की स्पष्टता और हर चुनौती का मुस्कुराकर सामना करने की प्रेरणा झलकती है। यह संवाद सिर्फ परीक्षा तक सीमित नहीं है बल्कि जीवन की हर चुनौती में स्थिर रहने आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपनी क्षमताओं पर भरोसा बनाए रखने का संदेश देता है। उन्होंने इस पहल को करोड़ों विद्यार्थियों के लिए नई दिशा और नई ऊर्जा देने वाला बताया और सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य आत्मविश्वासपूर्ण प्रयास और सफलता से भरे मार्ग की शुभकामनाएं दीं।

