खंडवा। अभिनेता विक्रम मस्ताल खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी नर्मदा परिक्रमा का समापन कर मां नर्मदा और ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि पूरी परिक्रमा के दौरान कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, पैरों में छाले पड़ गए और शरीर पूरी तरह थक गया था, लेकिन मां नर्मदा का नाम लेते हुए वे लगातार आगे बढ़ते रहे।
प्रसिद्ध रामायण सीरियल में हनुमान जी के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले विक्रम मस्ताल इस दौरान पूरी तरह अध्यात्म के रंग में नजर आए। ओंकारेश्वर पहुंचकर उन्होंने नर्मदा नदी का विधिवत पूजन-अर्चन किया, चुनरी अर्पित की और फिर ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के बाद उन्हें आध्यात्मिक शक्ति का सही अर्थ समझ में आया है और जीवन को देखने का नजरिया बदल गया है।
विक्रम मस्ताल ने बताया कि उन्होंने अपने माता-पिता की अस्थियों का विसर्जन भी मां नर्मदा में किया था और उसी के बाद उन्हें नर्मदा परिक्रमा करने की प्रेरणा मिली। गुरुजी के मार्गदर्शन में उन्हें यह समझ आया कि मां नर्मदा को जानने और महसूस करने के लिए परिक्रमा करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा के तट पर उन्हें अद्भुत शांति और सुकून की अनुभूति हो रही है और एक्टिंग व राजनीति के बाद अब उनका रुझान आध्यात्म की ओर बढ़ता नजर आ रहा है।

