इंदौर। विजय नगर थाना क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां दो फरवरी को एमवाय अस्पताल लाई गई एक युवती को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला कि युवती लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले युवक से शादी करने वाली थी, लेकिन शादी से पहले ही दहेज की प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार युवती अपने होने वाले पति रितेश पटेल के साथ लिव-इन में रह रही थी और दोनों की जल्द ही शादी होने वाली थी। परिजनों का आरोप है कि शादी से पहले ही रितेश पटेल और उसकी मां की ओर से लगातार दहेज की मांग की जा रही थी। मायके पक्ष ने बताया कि मृतिका नियमित रूप से परिवार से संपर्क में रहती थी और कई बार उसने फोन पर यह दर्द साझा किया था कि ससुराल पक्ष उस पर तीन से चार लाख रुपये दहेज लाने का दबाव बना रहा है।
परिजनों का यह भी कहना है कि रितेश और उसकी मां उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। घटना से ठीक एक दिन पहले भी युवती ने प्रताड़ना की बात अपने परिवार को बताई थी, जिसके बाद परिवार उसे समझाने की कोशिश कर रहा था।
डीसीपी कुमार प्रतीक ने बताया कि मामले में कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन परिजनों के बयान और शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रितेश पटेल और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

