उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है और सुबह 11 बजे दोनों सदनों में राज्यपाल का अभिभाषण होगा। 10 फरवरी को सदन में शोक प्रस्ताव रखा जाएगा, जबकि 11 फरवरी को वित्त मंत्री सुरेश खन्ना वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट विधानसभा में पेश करेंगे।
इस बार बजट का आकार करीब 9 लाख करोड़ रुपये होने की संभावना जताई जा रही है और विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी तक प्रस्तावित है। विधानसभा अध्यक्ष ने सदस्यों से सत्र के सफल संचालन में सहयोग की अपील की है, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष से जनहित के मुद्दों पर स्वस्थ और सकारात्मक चर्चा करने का आग्रह किया है।
बताया जा रहा है कि विशेष सत्र के दौरान कई अध्यादेश भी सदन में पेश किए जा सकते हैं। बजट सत्र को देखते हुए राजधानी लखनऊ में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और यातायात व्यवस्था में भी अस्थायी बदलाव लागू किए गए हैं ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
सत्र की शुरुआत से पहले रविवार को विधान भवन लखनऊ में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप संवाद और सहयोग के जरिए सदन के सुचारु और प्रभावी संचालन पर चर्चा की गई।

