टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान तभी टीम इंडिया से 15 फरवरी को मैच खेलने पर विचार करेगा जब उसकी तीन बड़ी शर्तें आईसीसी स्वीकार करेगी।
भारत-पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को मैच होगा या नहीं, इस सवाल का जवाब अभी तक साफ नहीं है। मैच तक अब सिर्फ 5 दिन बचे हैं, लेकिन फैसला अभी बाकी है।
9 फरवरी को मीडिया रिपोर्ट आई कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी के सामने तीन बड़ी मांगें रखीं हैं। अगर ये मांगें मान ली गईं तो पाकिस्तान अपना निर्णय बदल सकता है।
15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला होना था। लेकिन बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के विरोध में पाकिस्तान ने इस मैच का बहिष्कार किया था।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और आईसीसी के बीच तनातनी चल रही है। विवाद खत्म करने के लिए PCB ने तीन बड़ी मांगें रखी हैं।
8 फरवरी को लाहौर में आईसीसी अधिकारियों और पीसीबी के बीच बैठक हुई। इसमें PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी, आईसीसी डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम मौजूद थे।
आईसीसी ने पाकिस्तान को साफ चेतावनी दी है कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में मैच चुनने की इजाजत नहीं दी जाएगी। यदि पाकिस्तान मैच से इनकार करता है तो आर्थिक नुकसान और प्रतिबंधों का सामना करना पड़ेगा।
पहली मांग: PCB चाहता है कि टूर्नामेंट से बाहर की गई बांग्लादेश टीम को ज्यादा मुआवजा मिले। साथ ही भविष्य के बड़े ICC टूर्नामेंटों की मेजबानी बांग्लादेश को दी जाए।
दूसरी मांग: पाकिस्तान चाहता है कि आईसीसी बीसीसीआई पर दबाव बनाए ताकि भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज फिर से शुरू हो।
तीसरी मांग: PCB चाहता है कि भारत-पाकिस्तान मैच के बाद खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक को अनिवार्य नियम बनाया जाए।
श्रीलंका ने इस विवाद में भावुक अपील की है। उसने PCB को याद दिलाया कि जब पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय बहिष्कार झेल रहा था, तब श्रीलंका ने दौरा कर क्रिकेट को बचाया था।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब ICC ने बांग्लादेश की मांग ठुकरा दी और उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। उसकी जगह स्कॉटलैंड को जगह दी गई। बांग्लादेश ने भारत में मैच खेलने से इनकार किया था।
पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच न खेलने का निर्णय लिया, जिससे विवाद बढ़ गया।
अब देखना होगा कि 15 फरवरी को होने वाले इस हाईवोल्टेज मैच का क्या होगा अंतिम फैसला।

