अनूपपुर में लापरवाही की हदें पार, जिला अस्पताल में बाहरी व्यक्ति करता रहा इलाज, प्रबंधन को भनक तक नहीं

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सरकारी जिला अस्पताल में भारी लापरवाही उजागर हुई है और एक अनाधिकृत व्यक्ति खुद को हड्डी रोग विशेषज्ञ बताकर मरीजों का इलाज करता रहा, हैरानी की बात यह है कि इस तथाकथित डॉक्टर ने अस्पताल की पर्ची पर कई दिनों तक मरीज देखे, लेकिन न सिविल सर्जन को इसकी जानकारी थी और न ही मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी को इस फर्जीवाड़े की भनक लगी।

अनूपपुर जिला अस्पताल में यह बाहरी व्यक्ति खुलेआम खुद को ऑर्थोपेडिक स्पेशलिस्ट बताकर मरीजों को दवाइयां लिखता और परामर्श देता रहा, उसकी डिग्री और नियुक्ति को लेकर किसी भी अधिकारी के पास कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं था, जब जागरूक नागरिकों ने उससे पहचान और योग्यता को लेकर सवाल किए तो वह मौके से फरार हो गया, जिसके बाद पूरे अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है और अनूपपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने पूरे प्रकरण की जांच कर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है, साथ ही जिला अस्पताल के सिविल सर्जन को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने की बात कही गई है, अब देखना होगा कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होती है और मरीजों की सुरक्षा को लेकर सिस्टम कब सुधरता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *