आष्टा। मध्य प्रदेश के आष्टा क्षेत्र के बगैर ग्राम में बापचा नाले से एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच बताई जा रही है। नाले में शव दिखाई देने पर प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और जांच शुरू की।
ग्रामीणों द्वारा भेजे गए वीडियो के अनुसार युवक के शरीर पर कई संदिग्ध निशान नजर आ रहे हैं। उसके बाएं कान के नीचे घाव पाया गया है, मुंह से जीभ का फटा हुआ हिस्सा बाहर दिख रहा था, दाहिनी आंख का हिस्सा दबा हुआ नजर आया और कलाई पर भी चोट के निशान बताए जा रहे हैं। इन चोटों को देखकर इलाके में हत्या की आशंका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मामले में जब थाना प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने शुरुआती जांच के आधार पर पॉइजनिंग की आशंका जताई और बताया कि मौके के आसपास चूहा मार दवाई का एक रेपर भी मिला है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह आत्महत्या है, हादसा है या फिर किसी साजिश का नतीजा।

