ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मां के प्रेमी की प्रताड़ना और मारपीट से परेशान होकर एक नाबालिग बेटी ने तेजाब पीकर आत्महत्या कर ली, यह दर्दनाक मामला बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के मानपुर स्थित मल्टी का है, जहां 21 सितंबर 2025 को हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मानपुर मल्टी में रहने वाली 15 वर्षीय सोनम जाटव की अचानक तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उसने तेजाब पी लिया है, सूचना मिलते ही पुलिस और तहसीलदार अस्पताल पहुंचे और नाबालिग के बयान दर्ज किए गए, जिसमें उसने हसनपुरा बिजौली निवासी अनिल जाटव पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाया।
बयान देने के बाद इलाज के दौरान सोनम की हालत और बिगड़ती चली गई और कुछ समय बाद उसने दम तोड़ दिया, इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच की और मृतका के मरणासन्न बयान के आधार पर आरोपी अनिल जाटव के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज किया।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में बिजौली पहुंची, लेकिन वह वहां से फरार मिला, इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी टीपी नगर इलाके में छिपा हुआ है, लोकेशन मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया और गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका की मां की शादी छिंदवाड़ा निवासी युवक से हुई थी, दो बच्चों के बाद मां ने पति को छोड़ दिया और अनिल जाटव के साथ प्रेम संबंध में रहने लगी, इसी दौरान नाबालिग बेटी को आरोपी की प्रताड़ना और मारपीट का सामना करना पड़ रहा था, जो अंत में उसकी मौत की वजह बन गई।

