भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में वन मेले का शुभारंभ किया, यह वन मेला 11 से 16 फरवरी तक दशहरा मैदान में आयोजित किया जा रहा है, इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से महाकाल की नगरी उज्जैन को आयुर्वेदिक एम्स की बड़ी सौगात मिलने जा रही है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि समुद्र मंथन के समय भगवान धनवंतरी प्रकट हुए थे और आयुर्वेद की परंपरा से जुड़ी इस पावन भूमि उज्जैन को आयुर्वेदिक एम्स मिलना स्वाभाविक है, प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से देश में खुलने वाले तीन आयुर्वेदिक एम्स में से एक मध्यप्रदेश को मिला है और यह एम्स उज्जैन में स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में उज्जैन एक बड़े महानगर के रूप में विकसित होने जा रहा है, शहर के चारों ओर चार लेन और छह लेन सड़कों का निर्माण तेजी से हो रहा है, यातायात को सुगम बनाने के लिए कई नए पुल बनाए जा रहे हैं और शिप्रा तट के पास छोटे पुल के समीप एक नया पुल, वीर दुर्गादास की छत्री से रणजीत हनुमान मंदिर तक पुल और चार लेन मार्ग, श्री अंगारेश्वर मंदिर और सिद्धवट को जोड़ने वाला पुल, भैरवगढ़ से पीपली नाका को जोड़ने के लिए समानांतर पुल जैसे कई विकास कार्य प्रगति पर हैं।
सीएम ने कहा कि उज्जैन में विकास की गंगा बह रही है और आने वाले समय में धार्मिक, सांस्कृतिक और स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ यह शहर एक नए रूप में देश और दुनिया के सामने अपनी पहचान बनाएगा।

