सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है, जहां अवैध संबंध के चलते पति की बेरहमी से हत्या कर दी गई और शव को टॉयलेट के कमरे में छिपा दिया गया।
जानकारी के मुताबिक लक्ष्मी नगर बहेरिया निवासी तुलसी बाई ने 25 अगस्त 2025 को देवरी थाने में अपने पति प्रिंस वाल्मीकि के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, उसने बताया था कि प्रिंस शाम करीब सात बजे घर से निकला और फिर वापस नहीं लौटा।
पुलिस ने जांच के दौरान जब तुलसी बाई के पुराने प्रेमी शोएब से पूछताछ की तो उसने अवैध संबंधों की बात कबूल कर ली और स्वीकार किया कि प्यार में रोड़ा बन रहे प्रिंस को रास्ते से हटाने के लिए उसने हत्या की साजिश रची।
पूछताछ में सामने आया कि शोएब ने प्रिंस को शराब पिलाई और सागर के सनशाइन स्कूल गार्डन में रात के अंधेरे में पत्थरों से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी, इसके बाद शव को पास के पुराने टॉयलेट कमरे में छिपा दिया गया।
8 फरवरी 2026 को पूछताछ के दौरान आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करता रहा लेकिन बाद में टूट गया और हत्या की जगह बताते हुए टॉयलेट के मलबे में दबे मृतक की खोपड़ी और कुछ हड्डियां बरामद कराई गईं।
अगले दिन दोबारा पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से और भी हड्डियां निकाली गईं, जिससे इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा पूरी तरह हो सका।
पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद शोएब अपनी प्रेमिका को लेकर गुजरात के सूरत चला गया था और वहीं से फोन कर मृतक के परिजनों को गुमराह करता रहा।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

