जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में महिला डॉक्टर हेमलता के प्रॉपर्टी विवाद में नया मोड़ सामने आया है जहां मामले को एसडीएम कोर्ट में रजिस्टर्ड कर लिया गया है और पांच लोगों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया गया है।
जानकारी के मुताबिक इस मामले में डॉक्टर हेमलता की दोनों बहनों डॉ सुमित जैन और डॉ प्राची जैन के साथ नगर निगम के संपदा विभाग को भी नोटिस भेजा गया है और सभी को दो से तीन दिन के भीतर दस्तावेजों के साथ पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि डॉक्टर हेमलता के बेटे और पति की मौत के बाद संपत्ति को लेकर विवाद खड़ा हुआ था और आरोप है कि प्रॉपर्टी के एक हिस्से को करीब 11 वर्ग फीट के हिस्से के रूप में डॉ सुमित जैन और उनकी पत्नी के नाम दान में दिलवाया गया।
इतना ही नहीं संपत्ति के दूसरे हिस्से की वसीयत एक धार्मिक संस्था के नाम किए जाने की बात भी सामने आई है जिससे पूरे मामले में धोखे से दान कराए जाने का शक गहराता जा रहा है।
अब एसडीएम कोर्ट में रजिस्टर्ड इस मामले की जांच के दौरान सभी पक्षों से दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ की जाएगी और उसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।

