तंत्र-मंत्र और झाड़फूक से इलाज का दिया झांसा फिर परिवार को डराकर लुटे लाखों के गहने और रकम पुलिस ने शातिर गिरोह का ऐसे किया पर्दाफाश

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला में झाड़-फूंक और चमत्कारी इलाज के नाम पर भोले-भाले लोगों से लाखों की ठगी करने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है और रामनगर थाना क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब बारह लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

पीड़ित लक्ष्मण सिंह पोरते की शिकायत पर सामने आया कि उनके पिता को लकवा होने के बाद आरोपियों ने झाड़-फूंक के बहाने घर में डर का माहौल बनाया और इलाज का झांसा देकर परिवार से नगदी और जेवरात हड़प लिए गए, पहले पूजा-पाठ और टोना-टोटका का नाटक किया गया और फिर तंत्र-मंत्र से नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर सोना-चांदी के आभूषण और नकद रकम ले ली गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम तथा एसडीओपी आरती शाक्य के मार्गदर्शन में दबिश देकर तीनों आरोपियों को धर दबोचा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से साढ़े सात लाख रुपये के सोना-चांदी के आभूषण, तीन लाख इकसठ हजार रुपये नगद, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, तंत्र-मंत्र की किताब और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है और गिरफ्तार आरोपियों में सत्या नाई उर्फ सत्यनारायण सेन, सुखनाथ उर्फ विश्वनाथ गिरी और लीला गिरी शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने इससे पहले किन-किन इलाकों में इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *