खंडवा। मध्यप्रदेश की लाडली बहना योजना से जुड़ी बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी है क्योंकि आज फरवरी माह की 33वीं किस्त जारी की जा रही है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खंडवा जिले के पंधाना से सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की करीब 1.25 करोड़ बहनों के खातों में लगभग 1800 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर करेंगे।
मुख्यमंत्री के खंडवा दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और इसी कार्यक्रम के दौरान पंधाना विधानसभा क्षेत्र में 600 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा।
पंधाना विधायक छाया मोरे ने बताया कि 14 फरवरी को मुख्यमंत्री पंधाना पहुंचेंगे जहां राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा और वहीं से लाडली बहना योजना की राशि का ट्रांसफर किया जाएगा, साथ ही विधानसभा क्षेत्र में कई बड़े विकास कार्यों की सौगात भी मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री करीब 301 करोड़ रुपये की लागत से बनी भाम सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे, 37 करोड़ रुपये से निर्मित सांदीपनि विद्यालय पंधाना का उद्घाटन करेंगे, 11 करोड़ रुपये से बनने वाले संयुक्त एसडीएम कार्यालय भवन का लोकार्पण होगा और करीब 2.90 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पंधाना बस स्टैंड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और रैन बसेरा के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा।

