भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शनिवार को नव नियुक्त आयुक्त जनसंपर्क एवं प्रबंध संचालक मप्र माध्यम मनीष सिंह ने मुख्यमंत्री निवास पर सौजन्य भेंट की जहां प्रदेश के जनसंपर्क और मीडिया से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बताया गया कि शुक्रवार देर रात राज्य सरकार ने बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया था जिसमें 11 आईएएस अधिकारियों के तबादले हुए और इसी क्रम में 2009 बैच के आईएएस अधिकारी मनीष सिंह को एक बार फिर जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है वे पहले भी इस विभाग में आयुक्त के रूप में कार्य कर चुके हैं और उन्हें मप्र माध्यम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
सौजन्य भेंट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मनीष सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि जनसंपर्क विभाग सरकार और जनता के बीच मजबूत सेतु की तरह काम करता है इसलिए सरकार की योजनाओं उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को पारदर्शिता गति और नवाचार के साथ जन जन तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।
मनीष सिंह ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि वे विभाग को और अधिक मजबूत और तकनीकी रूप से उन्नत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे और मप्र माध्यम के जरिए डिजिटल और प्रिंट मीडिया को सशक्त करने की दिशा में नई योजनाओं पर तेजी से काम किया जाएगा।

