छतरपुर। जिले के राजनगर थाने में एक युवक की आत्महत्या के बाद हालात अचानक बिगड़ गए और गुस्साए परिजन सड़क पर उतर आए उन्होंने मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया जिससे पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई।
मामला राजनगर का है जहां 23 वर्षीय युवक ने थाने के अंदर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली जिसके बाद परिवार में आक्रोश फैल गया और लोग न्याय की मांग करते हुए सड़क पर बैठ गए। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन आक्रोश इतना ज्यादा था कि समझाइश का कोई असर नहीं हुआ।
स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि हालात तनावपूर्ण जरूर हैं लेकिन नियंत्रण में हैं।
घटना के बाद से माहौल लगातार गर्म बना हुआ है और परिजन अपनी मांगों पर अड़े हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए दो मजिस्ट्रेटों को न्यायिक जांच के लिए नियुक्त किया गया है जो कल रात से पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटे हुए हैं।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि मृतक को सिविल ड्रेस में लाने वाले दो आरक्षक पिछले 15 वर्षों से यहीं पदस्थ थे और उन्हीं का थाने में दबदबा चलता था। परिवार का आरोप है कि उनसे 50 हजार रुपये की मांग की जा रही थी और इसी दबाव में युवक ने यह कदम उठाया।
फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है वहीं पूरे मामले की न्यायिक जांच शुरू हो चुकी है जिससे अब सबकी नजरें जांच रिपोर्ट पर टिक गई हैं।

