आगरा. कहते हैं पूत कपूत हो सकता है, लेकिन मां कभी कुमाता नहीं होती, लेकिन आगरा से सामने आई यह घटना इस कहावत को भी झकझोर देती है। जिस मां ने अपने बेटों को पाल-पोसकर बड़ा किया, उन्हीं बेटों ने अपनी बीमार और लाचार मां को कब्रिस्तान में मुर्दों के बीच छोड़ दिया और फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
पूरा मामला थाना न्यू आगरा के कर्बला क्षेत्र का है, जहां लोगों ने एक बुजुर्ग महिला को कब्रिस्तान में बेहद खराब हालत में पड़ा देखा। महिला बीमार थी और चलने-फिरने की स्थिति में भी नहीं थी। मुर्दों के बीच जिंदा इंसान को इस हालत में देखकर लोगों का खून खौल उठा। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वृद्ध महिला को वहां से उठाकर इलाज के लिए SN Medical College में भर्ती कराया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया।
होश में आने के बाद बुजुर्ग महिला ने पुलिस को जो बताया, उसने सबको हिला दिया। महिला ने अपनी पहचान रज्जो देवी निवासी गुबरारी, मथुरा के रूप में बताई और कहा कि उसे उसके ही दो बेटे कब्रिस्तान में छोड़कर गए हैं। मां के इन शब्दों ने वहां मौजूद हर शख्स को स्तब्ध कर दिया।
पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर परिजनों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोग उन बेटों को कोस रहे हैं जिन्होंने अपनी ही मां को इस हाल में छोड़ दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

