रोहित शेट्टी हाउस फायरिंग केस में बड़ा एक्शन: शूटर समेत 4 आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार, मास्टरमाइंड अब भी फरार

मशहूर फिल्म निर्देशक Rohit Shetty के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जुहू स्थित उनके घर के बाहर हुई इस सनसनीखेज वारदात में हरियाणा से शूटर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई के बाद अब तक कुल नौ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि इस साजिश का कथित मास्टरमाइंड अभी भी फरार बताया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, हरियाणा पुलिस की एसटीएफ यूनिट बहादुरगढ़ ने Mumbai Police के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया। इसी ऑपरेशन के दौरान चार आरोपियों को दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक यादव, दीपक, सनी और सोनू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार इनमें से एक मुख्य शूटर है जिसने फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया, जबकि अन्य तीन उसके सहयोगी थे।

जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड शुभम लोणकर बताया जा रहा है, जो अभी फरार है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उसके तार कुख्यात गैंगस्टर Lawrence Bishnoi के गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि इस एंगल की अभी गहराई से जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

बताया गया कि 1 फरवरी की तड़के रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की गई थी और वारदात को अंजाम देने के बाद शूटर मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद विले पार्ले पश्चिम स्थित एक होटल के पास से एक लावारिस स्कूटर बरामद हुआ, जो शेट्टी टॉवर से करीब दो किलोमीटर दूर खड़ा मिला। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि स्कूटर से सबूत मिटाने की कोशिश की गई थी।

इससे पहले पुलिस ने पुणे और आसपास के इलाकों से पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें आदित्य गायकी, सिद्धार्थ येनपुरे, समर्थ पोमाजी, स्वप्निल साकट और आसाराम फसले उर्फ बाबू शामिल हैं, जिसे हथियार सप्लायर बताया गया है। इन पांचों पर महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट यानी मकोका के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध के एंगल को देखते हुए सख्त धाराएं लगाई गई हैं और मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *