बुरहानपुर। महाशिवरात्रि के अवसर पर इंदौर में निकली भोले बाबा की बारात के दौरान एक भाषण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अखिल भारत बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार पर आरोप है कि उन्होंने बारात के दौरान मंच से भड़काऊ बयान दिया। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के फुलचौक की बताई जा रही है, जहां गणपति मंदिर से निकली शोभायात्रा पहुंची थी और वहीं करीब दस मिनट तक भाषण दिया गया।
भाषण के दौरान कथित तौर पर एक वर्ग विशेष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। आरोप है कि उन्होंने कहा कि जो वंदे मातरम नहीं गाएगा उसे “6 नंबर बना देंगे” और यह भी कहा कि जिनके पूर्वज जहां से आए हैं, वे वहीं चले जाएं। भाषण का वीडियो उनके फेसबुक हैंडल पर भी अपलोड किया गया, जिसके बाद यह तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और विभिन्न समुदायों की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर के मुस्लिम समाज के समाजसेवियों ने पुलिस से शिकायत की। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और कलेक्टर व एसपी पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मनोज परमार और बारात यात्रा के आयोजक अमित वारूडे के खिलाफ बीएनएस की धारा 196 और 299 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। महाशिवरात्रि जैसे धार्मिक पर्व पर दिए गए इस कथित भाषण ने शहर में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज कर दी है, और अब सबकी नजर आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

