इंदौर। इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में कुख्यात बदमाश सतीश भाऊ के दर्शन करने के मामले में अब बड़ी कार्रवाई सामने आई है। आरोप है कि दबाव बनाकर मंदिर के नियमों को दरकिनार करते हुए गर्भगृह में प्रवेश किया गया। इस पूरे प्रकरण में सतीश भाऊ और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक खजराना थाना पुलिस ने गर्भगृह में प्रवेश कराने वाले आकाश रावत नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आकाश रावत ने प्रभाव और दबाव का इस्तेमाल करते हुए सतीश भाऊ को मंदिर के अंदर विशेष रूप से दर्शन करवाए, जो मंदिर की व्यवस्था और नियमों के खिलाफ था।
मामले के सामने आने के बाद मंदिर प्रबंधन ने इसकी शिकायत दर्ज कराई और एफआईआर करवाई गई। खबर सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की गई। फिलहाल पुलिस पति-पत्नी समेत अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति दी गई।

