ICC T20 World Cup 2026 के ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया की हालत फिलहाल बेहद नाजुक है। तीन मैचों में से दो मुकाबले हार चुकी टीम अब सुपर 8 की रेस से बाहर होती दिख रही है, लेकिन गणित अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। 2021 की चैंपियन टीम को पहले जिम्बाब्वे ने हराया और फिर श्रीलंका ने भी मात दे दी। इसके बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि क्या ऑस्ट्रेलिया का सफर यहीं खत्म हो गया, लेकिन समीकरण बताते हैं कि उम्मीद अब भी बाकी है।
ग्रुप बी की स्थिति पर नजर डालें तो श्रीलंका 6 अंकों के साथ सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर चुकी है। दूसरे स्थान के लिए जंग अभी बाकी है। जिम्बाब्वे दो जीत के साथ 4 अंकों पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों में सिर्फ 2 अंक जुटा सकी है। सुपर 8 में ग्रुप की टॉप दो टीमें ही आगे बढ़ेंगी, ऐसे में ऑस्ट्रेलिया को चमत्कार की जरूरत है।
समीकरण साफ है, ऑस्ट्रेलिया की उम्मीद जिम्बाब्वे और आयरलैंड के मैच पर टिकी है। अगर आयरलैंड जिम्बाब्वे को हरा देता है तो जिम्बाब्वे 4 अंकों पर ही अटक जाएगी। इसके बाद श्रीलंका और जिम्बाब्वे के मुकाबले में भी ऑस्ट्रेलिया चाहेगी कि जिम्बाब्वे हार जाए। अगर ऐसा होता है तो जिम्बाब्वे 4 अंकों से आगे नहीं बढ़ पाएगी।
फिर बारी आएगी ऑस्ट्रेलिया की, जिसे अपने आखिरी मैच में ओमान को हराना होगा। जीत के साथ उसके भी 4 अंक हो जाएंगे और फिर फैसला नेट रन रेट पर होगा। अगर ऑस्ट्रेलिया का नेट रन रेट बेहतर रहा तो वह सुपर 8 में एंट्री मार सकती है।
लेकिन अगर जिम्बाब्वे ने अपने बचे हुए दो मैचों में से एक भी जीत लिया, तो ऑस्ट्रेलिया का सपना यहीं टूट जाएगा और सुपर 8 का दरवाजा हमेशा के लिए बंद हो जाएगा। क्रिकेट में चमत्कार होते हैं, अब देखना होगा कि किस्मत ऑस्ट्रेलिया का साथ देती है या नहीं।

