लखनऊ. विधानसभा में बिजली आपूर्ति, विकास कार्यों और पिछली सरकारों के प्रदर्शन को लेकर चर्चा चल रही थी, लेकिन देखते ही देखते माहौल इतना गरमा गया कि सदन में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव आमने-सामने आ गए और बहस ने सियासी रंग ले लिया।
बजट सत्र के दौरान ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने पुरानी सरकारों पर काम न करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले विकास के नाम पर अपेक्षित काम नहीं हुआ, जिस पर शिवपाल यादव भड़क उठे। उन्होंने योगी सरकार पर पिछली सरकार के कार्यों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया और सीधे ऊर्जा मंत्री पर झूठ बोलने की बात कह दी।
शिवपाल यादव ने कहा कि मंत्री ऐसे बोल रहे हैं जैसे पहले कुछ हुआ ही नहीं, जबकि सच्चाई कुछ और है। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि जो असत्य बोलता है वह पाप करता है और उसे बाण लगेगा। उनके इस बयान के बाद सदन का माहौल और गर्म हो गया।
शिवपाल यादव के तेवर देख ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने भी पलटवार करते हुए कहा कि यदि वहां कोई दिक्कत है तो यहां आ जाइए। दोनों नेताओं के बीच बढ़ती तीखी बहस को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को बीच-बचाव करना पड़ा। उन्होंने दोनों को शांत रहने की नसीहत दी और शिवपाल यादव से कहा कि थोड़ा एडजस्ट कर लीजिए।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और सियासी गलियारों में इसकी खूब चर्चा हो रही है। विधानसभा की यह बहस अब राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर जनचर्चा का विषय बन चुकी है।

