गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में नेता विपक्ष राहुल गांधी आज एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश होंगे। इस मामले में न्यायालय के समक्ष उनका बयान दर्ज किया जाना है। पेशी को देखते हुए जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
यह मामला साल 2018 का है, जब कर्नाटक चुनाव के दौरान दिए गए कथित बयान को लेकर भाजपा नेता विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। करीब पांच साल तक चली सुनवाई के दौरान उनकी गैरहाजिरी के चलते दिसंबर 2023 में अदालत ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया था। फरवरी 2024 में राहुल गांधी ने अदालत में आत्मसमर्पण किया और 25-25 हजार रुपये के दो मुचलकों पर जमानत हासिल की।
26 जुलाई को कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराते हुए राहुल गांधी ने खुद को निर्दोष बताया और पूरे मामले को राजनीतिक साजिश करार दिया था। हालांकि पिछले कुछ महीनों में अलग-अलग कारणों से सुनवाई टलती रही। 16 दिसंबर को विशेष न्यायाधीश के अवकाश पर होने और 10 तथा 22 जनवरी को अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण भी सुनवाई नहीं हो सकी। इसके बाद अदालत ने इसे अंतिम अवसर मानते हुए नई तारीख तय की थी।
अब सबकी नजर आज की सुनवाई पर टिकी है, जहां अदालत में दर्ज होने वाला बयान इस मामले की आगे की दिशा तय करेगा।

