लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 और 26 फरवरी को जापान के दौरे पर रहेंगे, जहां वे विभिन्न आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। लेकिन इस दौरे को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि जब जापान जा ही रहे हैं तो क्योटो भी जरूर होकर आइए।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जापान जा रहे हैं तो क्योटो भी चले जाइए, जिससे यह समझ सकें कि प्रधान संसदीय क्षेत्र काशी, क्योटो जैसा क्यों नहीं बन पाया या उसकी विरासत कैसे बिगड़ी। उन्होंने कहा कि जापान से विरासतों को बचाने और शहरों को आगे बढ़ाने का सकारात्मक सबक लेकर आइए।
दरअसल काशी की तुलना अक्सर जापान के ऐतिहासिक शहर क्योटो से की जाती रही है। इसी संदर्भ में अखिलेश यादव ने निशाना साधते हुए कहा कि अब जब कार्यकाल का अंतिम वर्ष चल रहा है तो क्या इस दौरान कोई ठोस योजना बन पाएगी। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री का ‘मनसुख पर्यटन’ बताते हुए कटाक्ष किया और कहा कि जाते-जाते कम से कम एक सच बोलने के लिए तो याद रखे जाएंगे।
अखिलेश यादव ने ‘वनस्पति के विशेष अध्ययन’ का जिक्र करते हुए भी तंज कसा और कहा कि इसका व्यक्तिगत लाभ ही उठाया जाएगा या अपने करीबियों से भी साझा किया जाएगा। सीएम योगी के जापान दौरे को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

