सुल्तानपुर में बैरंग लौटी बारात, मंडप में दूल्हे की हालत देख दुल्हन पक्ष ने तोड़ी शादी

सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के बरुआ गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मंडप में ही दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया और बारात बिना दुल्हन के लौट गई।

बताया जा रहा है कि जब दूल्हा मंडप में पहुंचा तो वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। वह डगमगा रहा था और दुल्हन के भाइयों को उसे सहारा देकर बैठाना पड़ा। उसके चेहरे पर सुस्ती साफ नजर आ रही थी। जैसे ही पांव पखारने की रस्म शुरू हुई, दूल्हा कांपने लगा। यह देखकर लड़की पक्ष को शक हुआ कि दूल्हा नशे में है।

मामला तब और गंभीर हो गया जब दूल्हे के पास से दवा का एक पत्ता मिला। दुल्हन के परिवार ने दूल्हे को बीमार बताते हुए शादी रोक दी। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और सुबह पुलिस को बुलाना पड़ा। थाने में करीब 12 घंटे तक दोनों पक्षों के बीच पंचायत चली, लेकिन दुल्हन पक्ष अपने फैसले पर अडिग रहा।

आखिरकार दुल्हन पक्ष ने सभी जेवरात वापस कर दिए और समझौते के तहत दूल्हे पक्ष ने तीन लाख रुपये दिए। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। गांव में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *