देशभर में गौमाता को सम्मान दिलाने के उद्देश्य से इन दिनों “गो सम्मान आह्वान अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत भारत के विभिन्न राज्यों में एकदिवसीय कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है, जहां प्रमुख संत समाज को संबोधित कर रहे हैं और गो सेवा, गो सुरक्षा व गो सम्मान के विषय में जागरूकता फैला रहे हैं।
इसी क्रम में 22 फरवरी को दोपहर दो बजे श्री पुण्य धरा जानकी नाथ बड़ा मंदिर में विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। यह आयोजन रेवासा धाम में मलूकपीठाधीश्वर परम पूज्य स्वामी राजेंद्रदासजी महाराज की पावन सन्निधि में होगा। बैठक में देशभर के संत महात्मा और बड़ी संख्या में गोभक्तों के शामिल होने की संभावना है। मलूकपीठ वृंदावन एवं गो सम्मान आह्वान अभियान समिति ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यशाला में उपस्थित होकर अभियान को मजबूत बनाने की अपील की है।
अभियान के तहत देशभर में व्यापक जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि समाज के हर वर्ग को इससे जोड़ा जा सके। इसके बाद 27 अप्रैल 2026 को देशभर में एक साथ तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों पर पहुंचकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम गो सेवा, गो सुरक्षा और गो सम्मान के लिए प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे।
अभियान के संरचनात्मक स्वरूप में नंदी बाबा को अध्यक्ष और भगवती गौमाता को प्रधान संरक्षक माना गया है। संत समाज का कहना है कि यदि एक ही दिन देशभर के लाखों गोभक्त शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखेंगे तो सरकार निश्चित रूप से इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेने के लिए प्रेरित होगी। उनका विश्वास है कि इस अभियान से गो सेवा का कार्य व्यापक स्तर पर प्रारंभ होगा और समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।

