इंदौर-भोपाल घटनाओं पर PCC चीफ का पत्र, जीतू पटवारी बोले कांग्रेस नेताओं पर जानलेवा हमले की कोशिश

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट की घटनाओं को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस पूरे मामले में मुख्य सचिव अनुराग जैन को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।

जीतू पटवारी ने पीसीसी कार्यालय पर हुए प्रदर्शन को गुंडागर्दी करार दिया है। उनका आरोप है कि पुलिस मूकदर्शक बनी रही और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भोपाल, इंदौर सहित कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यालयों पर संगठित रूप से हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं पर जानलेवा हमले का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस खड़े होकर तमाशा देखती रही।

अपने पत्र में उन्होंने लिखा कि शनिवार को घटी घटनाओं ने प्रदेश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है। यदि इन घटनाओं में किसी भी स्तर पर राजनीतिक संरक्षण या सहमति की भूमिका पाई जाती है तो उसकी स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए, ताकि प्रदेश की जनता का कानून व्यवस्था और प्रशासनिक निष्पक्षता पर विश्वास कायम रह सके।

इन घटनाओं के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार और प्रशासन आगे क्या कदम उठाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *