रतलाम। जिले के जावरा क्षेत्र के ग्राम हरियाखेड़ा में एक मजदूर युवक की आत्महत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। लक्ष्मीचंद्र पिता कनीराम भील ने गांव की पानी की टंकी पर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सरपंच और औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
बताया जा रहा है कि मृतक ने आत्महत्या से पहले टंकी की सीढ़ियों पर आरोपियों के नाम और “पुलिस नहीं सुनती” जैसे शब्द लिखे थे। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें सरपंच जितेंद्र पाटीदार सहित उनके भाई और पिता के नाम लिखे बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बाद में वहां लिखे नामों को मिटा दिया गया, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। यह भी आरोप सामने आया है कि सरपंच के कहने पर थाने में युवक के साथ रातभर मारपीट की गई थी।
गौरतलब है कि संबंधित सरपंच पहले भी कथित रिश्वत मामले में जांच एजेंसी की कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। नाराज ग्रामीणों ने चौपाटी से बाजार जाने वाले ब्रिज पर जाम लगा दिया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
मामले में सीएसपी युवराज सिंह चौहान ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं जिले के एसपी अमित कुमार ने आरोपी एएसआई आशीष मांगरिया को लाइन अटैच कर दिया है। पुलिस और जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद फिलहाल स्थिति शांत बताई जा रही है, लेकिन पूरे मामले की जांच जारी है और अब सबकी नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

