सागर। मध्य प्रदेश में 2 मार्च से बसों के पहिए थम सकते हैं। मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन ने नई परिवहन नीति और पीपीपी मॉडल के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है।
प्रदेश के सागर में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में निजी बस ऑपरेटर्स ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया। बैठक में प्रदेशभर से पहुंचे बस संचालकों ने नई परिवहन नीति का विरोध करते हुए 2 मार्च से बस संचालन पूरी तरह बंद करने की घोषणा की।
एसोसिएशन का कहना है कि 24/12 के राजपत्र में मोटर व्हीकल एक्ट में किए गए संशोधन को निरस्त किया जाए। बस ऑपरेटर्स का आरोप है कि नई नीति और पीपीपी मॉडल से निजी संचालकों के हित प्रभावित होंगे।
बताया गया है कि 23 तारीख को जिला स्तर पर ज्ञापन सौंपकर सरकार को इस निर्णय की जानकारी दी जाएगी। अब देखना होगा कि सरकार और बस ऑपरेटर्स के बीच बातचीत से कोई समाधान निकलता है या प्रदेश में परिवहन व्यवस्था पर इसका बड़ा असर देखने को मिलेगा।

