मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली–मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के शेष हिस्सों का उद्घाटन किया और ‘नमो भारत’ रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस परियोजना के शुरू होने से दिल्ली और मेरठ के बीच की दूरी समय के लिहाज से काफी कम हो गई है, जिससे यात्रियों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘नमो भारत रैपिड रेल’ नारी शक्ति के सामर्थ्य का प्रतीक बनकर उभरी है। ट्रेन ऑपरेटर से लेकर स्टेशन कंट्रोल स्टाफ तक कई अहम जिम्मेदारियों में बेटियां नेतृत्व कर रही हैं, जो नए भारत की तस्वीर पेश करता है।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर जो निवेश कर रही है, उससे आम लोगों का पैसा बचता है और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलते हैं। उन्होंने मेरठ के किसानों, उद्यमियों, कारीगरों और व्यापारियों का आभार जताते हुए कहा कि विकास की राजनीति ही देश को आगे बढ़ा सकती है।
प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद में व्यवधान डालने से लोकतंत्र को नुकसान पहुंचता है और इसका खामियाजा सहयोगी दलों को भी उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि विकास के मुद्दों पर सकारात्मक प्रतिस्पर्धा ही देश और प्रदेश के हित में है।

