Mohan Yadav Ujjain Visit: दीपावली से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों और बहनों को बड़ी सौगात दी है। उज्जैन के तराना में सीएम ने अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों के खातों में 265 करोड़ रुपये की राहत राशि सीधे ट्रांसफर की। इसके साथ ही उन्होंने 29 लाख बहनों के खातों में गैस सिलेंडर रिफिल के लिए 45 करोड़ रुपये की राशि भी सिंगल क्लिक से भेजी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 31 करोड़ रुपये की लागत से बने 30 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं कीं — तराना से आगर तक नई सड़क बनाने की बात कही, कायथा में नया कॉलेज खोलने और मक्सी की टू लेन सड़क को फोर लेन बनाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जो किसान प्राकृतिक खेती करेगा, उसका विशेष पंजीयन होगा और सरकार उसे अनुदान देगी। साथ ही 8 हजार करोड़ के निवेश से एक नया कारखाना स्थापित किया जा रहा है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा — “जैसे कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी, वैसे ही उनके छोटे नेता जीतू पटवारी। जिन्हें न खेती का ज्ञान है, न किसानों की तकलीफ का।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने सालों तक किसानों को फूटी कौड़ी नहीं दी, जबकि भाजपा सरकार ने किसान सम्मान निधि के जरिए किसानों को सीधा आर्थिक सहयोग दिया।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि “हमारी सरकार गरीब, किसान, युवा और बहनों के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में हर वर्ग के उत्थान के लिए योजनाएं लागू की जा रही हैं।”
उन्होंने बताया कि अब सरकार किसानों को सोलर पंप योजना के जरिए बिजली बिल से मुक्ति दिलाने जा रही है। किसान सिर्फ 10 फीसदी कीमत देकर पंप खरीद सकेंगे और अतिरिक्त बिजली सरकार को बेच पाएंगे।
सीएम ने आगे कहा — “अब बहनों को भाईदूज के बाद 1500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। कांग्रेस ने तो बहनों को एक रुपया तक नहीं दिया, उल्टा अपमान किया। लेकिन हमारी सरकार ने ‘लाड़ली बहना योजना’ से महिलाओं की आर्थिक आज़ादी को सशक्त किया।”
मोहन यादव ने किसानों से पशुपालन और जैविक खेती से जुड़ने की अपील की और कहा कि “जो किसान प्राकृतिक खेती करेगा, उसे सरकार विशेष प्रोत्साहन देगी।” उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में गेहूं, सोयाबीन और अन्य फसलों के दाम कांग्रेस के समय से कई गुना बढ़ चुके हैं — “कांग्रेस के 55 साल में जहां गेहूं का भाव सिर्फ 400 रुपये बढ़ा, वहीं भाजपा सरकार में यह 2600 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया।”
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कॉलेज के लिए जमीन दान देने वाले ग्रामीणों का मंच से अभिनंदन किया और कहा कि “ऐसे लोग ही असली विकास के प्रतीक हैं।” उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब नए अध्याय की शुरुआत हो चुकी है — “आने वाला सिंहस्थ उज्जैन और मध्यप्रदेश की नई कहानी लिखेगा।”
मुख्यमंत्री ने जनता को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा — “यह पर्व समृद्धि, खुशहाली और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। सरकार हर घर तक रोशनी और समृद्धि पहुंचाने के लिए संकल्पित है।”

