इछावर (सीहोर) मध्य प्रदेश के सीहोर जिला के इछावर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ग्राम मैना और खामखेड़ा के बीच डेरा डाले गाडर-बकरी पालक परिवारों के पशुओं की अचानक बड़ी संख्या में मौत हो गई। अब तक करीब 150 से 200 गाडर-बकरियों के मरने की सूचना है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।
पशुपालकों के अनुसार 22 फरवरी को ग्राम मैना के साप्ताहिक बाजार से पिसी हुई हल्दी खरीदी गई थी, जिसे पानी में घोलकर जानवरों को पिलाया गया। हल्दी पिलाने के कुछ ही समय बाद पशुओं में उल्टी, अत्यधिक कमजोरी और अचानक गिरने जैसे गंभीर लक्षण दिखाई देने लगे। देखते ही देखते एक के बाद एक बड़ी संख्या में बकरियां और गाडर दम तोड़ते चले गए।
ग्रामीणों और पशुपालकों ने आशंका जताई है कि बाजार से खरीदी गई हल्दी में मिलावट या किसी जहरीले तत्व की मौजूदगी हो सकती है। उनका कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में पशुओं की अचानक मौत सामान्य घटना नहीं हो सकती और मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
इस घटना से प्रभावित परिवारों की आजीविका पर गहरा संकट आ गया है, क्योंकि गाडर-बकरी ही उनकी कमाई का मुख्य साधन हैं। स्थानीय प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दे दी गई है और जांच की मांग तेज हो गई है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई हो।

