ग्वालियर दौरे पर शिवराज सिंह चौहान के बड़े बयान, फसल बीमा से अमेरिका ट्रेड डील और चीतों से भोजशाला तक बोले केंद्रीय मंत्री

ग्वालियर। ग्वालियर दौरे पर पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने फसल बीमा राशि, भारत-अमेरिका ट्रेड डील, मध्य प्रदेश में बढ़ती चीतों की संख्या और भोजशाला परिसर की एएसआई रिपोर्ट जैसे कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के शहादत दिवस पर नमन करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आजाद ने भारत माता की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया और उनका जीवन आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि देश के लिए जीने का अर्थ है अपने कर्तव्य को ईमानदारी और प्रामाणिकता के साथ निभाना, केवल स्वयं के बारे में नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के बारे में भी सोचना, स्वदेशी अपनाना और देश को आगे बढ़ाने में योगदान देना।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत एक वैभवशाली, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। उनका विश्वास है कि जिस गति से देश प्रगति कर रहा है, वह न केवल अपने लिए बल्कि विश्व को भी बेहतर दिशा देने में सक्षम होगा।

मध्य प्रदेश में चीतों की लगातार बढ़ती संख्या और बोत्सवाना से आठ चीतों के कूनो राष्ट्रीय उद्यान आने पर उन्होंने कहा कि चीतों का स्वागत है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह धरती केवल मनुष्य की नहीं बल्कि पशु-पक्षियों और प्रकृति की भी है, और सभी के प्रति सद्भाव ही भारत की संस्कृति है।

फसल बीमा राशि को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसानों के चरणों में उनका बार-बार प्रणाम है और किसानों की सेवा ही उनके लिए भगवान की पूजा है। सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों का जीवन बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और उनका जायज हक उन्हें अवश्य मिलेगा।

कांग्रेस द्वारा अमेरिका ट्रेड डील को किसान विरोधी बताए जाने पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि भारत और किसानों के हित पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसान निश्चिंत रहें। वहीं भोजशाला परिसर की एएसआई रिपोर्ट को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पूरी रिपोर्ट न्यायालय में विचाराधीन है।

ग्वालियर दौरे के दौरान दिए गए इन बयानों ने एक बार फिर प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *