खजुराहो। पर्यटन नगरी खजुराहो से हवाई यात्रा करने वालों के लिए बड़ी खबर है। इंडिगो एयरलाइंस ने दिल्ली से खजुराहो तक अपनी सेवाएं 28 मार्च से बंद करने का फैसला लिया है। 29 मार्च से 20 अप्रैल 2026 तक यह हवाई सेवा पूरी तरह बंद रहेगी।
समर शेड्यूल के अनुसार 21 अप्रैल से 30 जून 2026 तक इंडिगो की उड़ानें सप्ताह में केवल तीन दिन संचालित होंगी। इस दौरान 180 सीटर एयरबस सोमवार, मंगलवार और शनिवार को दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर खजुराहो पहुंचेगी और 12 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना होगी।
फिलहाल दिल्ली-खजुराहो और खजुराहो-बनारस रूट पर इंडिगो सेवाएं दे रहा है, लेकिन 28 मार्च के बाद इन सेवाओं में अस्थायी विराम रहेगा। खजुराहो एयरपोर्ट निदेशक संतोष सिंह ने जानकारी दी कि यह सीमित सेवा केवल दिल्ली-खजुराहो रूट पर ही रहेगी और आगामी अक्टूबर माह से उड़ानें पहले की तरह प्रतिदिन संचालित होने की संभावना है।
वहीं खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा है कि उनका प्रयास रहेगा कि 30 जून के बाद जुलाई, अगस्त और सितंबर में भी हवाई सेवाएं जारी रखी जा सकें, ताकि पर्यटन और यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो।

