करोड़ों से बना आईटीआई भवन दो साल में जर्जर, शिक्षक और छात्र परेशान

नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा में करीब 6 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बना सरकारी आईटीआई भवन महज दो साल में ही जर्जर हालत में पहुंच गया है। दीवारों में दरारें साफ दिखाई दे रही हैं, फर्श की टाइल्स उखड़ने लगी हैं और हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े बजट से बने भवन में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था तक नहीं है।

यह भवन इसलिए तैयार कराया गया था ताकि यहां छात्र आईटीआई के तहत तकनीकी शिक्षा और हुनर सीख सकें, लेकिन मौजूदा हालत देखकर निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। दो साल के भीतर ही इमारत की ऐसी स्थिति ने संभावित लापरवाही और भ्रष्टाचार की आशंकाओं को हवा दे दी है।

भवन में पदस्थ प्राचार्य लगातार इसकी मरम्मत के लिए संबंधित अधिकारियों को आवेदन दे रहे हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। वहीं यहां पढ़ाई कर रहे छात्र भी नई इमारत की बदहाल स्थिति से परेशान हैं और सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। करोड़ों रुपये की लागत से बने इस भवन की हालत पर जिम्मेदार अधिकारी फिलहाल खुलकर कुछ भी कहने से बचते दिखाई दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *