सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 12वीं बोर्ड की परीक्षा देकर लौट रही एक छात्रा पर कटर से हमला कर दिया गया। हमले में छात्रा के चेहरे और गले पर गंभीर चोटें आई हैं और उसके शरीर पर 100 से ज्यादा टांके लगाने पड़े हैं। घायल छात्रा को गंभीर हालत में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
यह पूरा मामला मकरोनिया थाना क्षेत्र के सेमरा बाग इलाके का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर को दुर्गानगर रजाखेड़ी की रहने वाली नाबालिग छात्रा अपनी 12वीं कक्षा की प्रैक्टिकल परीक्षा देकर घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी युवक नीलेश पटेल ने उस पर रेडियम कटर से अचानक हमला कर दिया और दर्जनों वार कर दिए।
हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और घायल छात्रा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक छात्रा के चेहरे और गले पर गहरे घाव हैं और उसे बचाने के लिए 100 से ज्यादा टांके लगाने पड़े हैं। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
इधर घटना के बाद पुलिस ने आरोपी नीलेश पटेल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। लेकिन वारदात के कुछ ही समय बाद आरोपी युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला।
पुलिस का कहना है कि शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मामले की जांच अभी जारी है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी के पास से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

