पेपर बिगड़ा… 17 साल की छात्रा ने खत्म कर ली जिंदगी, इंदौर में सन्नाटा छोड़ गई दर्दनाक कहानी

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां परीक्षा का दबाव एक मासूम जिंदगी पर भारी पड़ गया। विजयनगर थाना क्षेत्र में 10वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

सुबह करीब 5 बजे घर में उठाया खौफनाक कदम
पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने सुबह करीब 5 बजे अपने ही घर में फांसी लगा ली। परिजनों ने जब उसे देखा तो तुरंत नीचे उतारा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो चुकी थी।

पेपर बिगड़ने के बाद तनाव में थी छात्रा
परिजनों ने बताया कि हाल ही में छात्रा का 10वीं का पेपर हुआ था, जो ठीक नहीं गया था। इसके बाद से वह लगातार तनाव में रहने लगी थी और धीरे-धीरे डिप्रेशन का शिकार हो गई। परिवार का कहना है कि वह पिछले कुछ दिनों से चुप-चुप रहती थी और किसी से ज्यादा बात नहीं कर रही थी।

जांच में जुटी पुलिस, डिप्रेशन बना वजह?
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला डिप्रेशन से जुड़ा हुआ लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें यह भी देखा जा रहा है कि कहीं पढ़ाई या परीक्षा को लेकर उस पर किसी तरह का अतिरिक्त दबाव तो नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *