ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक शोरूम में काम करने वाले युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने एक भावुक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया और युवक को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर चक्काजाम खुलवाया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल थाटीपुर के कुम्हरपुरा इलाके का रहने वाला 25 वर्षीय विशाल सिंह जादौन विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कलेक्ट्रेट रोड स्थित आईकार्वी टाइल्स शॉप में कर्मचारी था। दोपहर के समय उसने दुकान के अंदर ही फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब अन्य कर्मचारियों ने उसे फंदे पर लटका देखा और तुरंत पुलिस व परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को तलाशी के दौरान मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने बेहद भावुक शब्दों में लिखा कि वह अपना फर्ज निभा नहीं पाया, अब वह पापा के पास जा रहा है और ऊपर जाकर लूडो की प्रैक्टिस करेगा। उसने यह भी लिखा कि वह ऊपर से सब देखेगा और दोनों भाई मां का ध्यान रखें। पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है।
पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार शाम परिजन शव लेकर अल्कापुरी तिराहे पहुंचे और सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि करीब 20 दिन पहले तोमर बिल्डिंग से जुड़े कुछ लोगों ने विशाल के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगा था। परिजनों का कहना है कि इसी प्रताड़ना के चलते विशाल ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
परिजनों ने मौके पर संबंधित लोगों को बुलाने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर सुसाइड नोट, परिजनों के आरोप और आत्महत्या के कारणों की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।

