5 साल पुरानी लव स्टोरी का खौफनाक अंत – जंगल में पत्नी की गोली मारकर हत्या, पति पर लगा सनसनीखेज आरोप

मथुरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 5 साल पहले शुरू हुई लव स्टोरी का बेहद दुखद अंत हो गया। खुशी नाम की युवती, जिसने कभी प्यार में पड़कर सूरज शर्मा से शादी की थी, अब उसी शादी का अंजाम मौत पर जाकर रुका। जंगल में उसके माथे पर गोली मारी गई और गंभीर हालत में उसे सिम्स हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान खुशी ने दम तोड़ दिया।

जगह थी थाना जैंत क्षेत्र… और सवालों का पहाड़ खड़ा है—आखिर खुशी जंगल में किसके बुलावे पर गई थी? उसके परिवार का आरोप है कि दहेज के लिए प्रताड़ित करने से लेकर अब हत्या तक, सबके पीछे उसका पति सूरज शर्मा ही है। खुशी के पिता विपिन अग्रवाल का कहना है कि अत्याचार से तंग आकर खुशी कई महीनों से मायके में रह रही थी और पिछले 6 महीने से कोर्ट में तलाक का केस भी चल रहा था।

लेकिन कहानी यहां और उलझ जाती है… क्योंकि हत्या के बाद फरार सूरज ने एक वीडियो जारी किया और कहा कि उसने खुशी को नहीं मारा। उसका दावा है कि हत्या खुशी के पिता ने की है और उसे जेल भिजवाने की साजिश रची जा रही है। इतना ही नहीं, सूरज ने अपनी हत्या की आशंका तक जता दी।

इधर पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। खुशी की मौत के बाद पिता की शिकायत पर पति सूरज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी अभी फरार है और उसे पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।

ये मामला सिर्फ एक मर्डर नहीं… बल्कि एक ऐसे रिश्ते की कड़वी हकीकत है, जो कभी प्यार से शुरू हुआ था, लेकिन नफरत और आरोपों की आग में जलकर राख हो गया। कहानी में सच कौन बोल रहा है और झूठ किसकी ज़बान पर है—अब इसका जवाब पुलिस की जांच ही देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *