लाडली बहनों को बड़ी सौगात, सीएम मोहन यादव ने भेजे 1500 रुपए

नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए उनके खातों में 1500 रुपए की राशि ट्रांसफर की। नर्मदापुरम के माखननगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कुल 1836 करोड़ रुपए सीधे लाभार्थी महिलाओं के खातों में भेजे। इसके साथ ही 29 लाख महिलाओं को गैस सिलेंडर रिफिलिंग के लिए 90 करोड़ रुपए की राशि भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में 1.37 करोड़ रुपए की लागत से बने नए रेस्ट हाउस का लोकार्पण भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब बहनों के हाथ में पैसे जाते हैं तो वे उसका पूरा सदुपयोग करती हैं। वे पहले अपने घर और परिवार के बारे में सोचती हैं और अंत में खुद के लिए खर्च करती हैं। कांग्रेस पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा कि कांग्रेस चाहे जो कहे, लेकिन सच्चाई यह है कि बहनें हर एक रुपए को संभालकर खर्च करती हैं और सरकार आने वाले समय में इस राशि को और बढ़ाएगी।

कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव ने दादा माखनलाल चतुर्वेदी की प्रतिमा का अनावरण भी किया। मंच से उन्होंने बनखेड़ी नर्मदापुरम स्टेट हाईवे को फोरलेन बनाने की स्वीकृति और सोहागपुर में सरकारी कॉलेज खोलने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने पूर्वजों की गलतियों के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और प्रमाण मांगे, जबकि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद मंदिर बनने के बावजूद वे आज तक राम मंदिर में दर्शन करने नहीं पहुंचे। सीएम ने कहा कि कर्नाटक में मौतों पर चुप्पी और मध्य प्रदेश में राजनीति करना कांग्रेस की दोहरी सोच को दिखाता है।

इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर कांग्रेस के सवालों पर पलटवार करते हुए सीएम ने कहा कि भोपाल गैस त्रासदी कांग्रेस शासनकाल की देन है और यूनियन कार्बाइड के मालिक वॉरेन एंडरसन को देश से भगाने का श्रेय भी कांग्रेस को जाता है। उन्होंने कहा कि लाशों पर राजनीति करने वाली कांग्रेस को जनता अब समझ चुकी है और उसके बहकावे में आने वाली नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *