सीएम डॉ. मोहन की पवई को बड़ी सौगात – शाहनगर को मिला नगर पंचायत का दर्जा, केन–बेतवा से बदलेगी बुंदेलखंड की तकदीर

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पन्ना जिले के पवई क्षेत्र में करोड़ों के विकास कार्यों की बारिश कर दी। शाहनगर पहुंचे सीएम ने जहां एक विशाल आमसभा को संबोधित किया, वहीं शाहनगर को नगर पंचायत बनाने का बड़ा ऐलान करते हुए लोगों में नया उत्साह भर दिया।

सीएम ने कहा कि केन–बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड की किस्मत बदलने वाली है। इस परियोजना से किसानों की जमीन उपजाऊ होगी, सिंचाई सुविधाएं बेहतर होंगी और पूरे बुंदेलखंड की तस्वीर बदल जाएगी।

सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने पवई विधानसभा क्षेत्र के लिए 82 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। मंच के सामने लाडली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं की बड़ी संख्या देखकर उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम उठा रही है।

मुख्यमंत्री ने घोषणाओं का सिलसिला जारी रखते हुए साइन नगर और रायपुर में नए कॉलेज खोलने का ऐलान किया। बोरी मार्ग के उन्नयन, दो नए स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना, पुराने बांधों के सुधार और क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं को देखते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा भी की।

सबसे बड़ी घोषणा रही—पवई विकासखंड के शाहनगर को नगर पंचायत बनाने का फैसला, जिससे स्थानीय विकास को नई दिशा मिलने वाली है।

यह दौरा सिर्फ घोषणाओं का नहीं था बल्कि एक नई उम्मीद, नए विकास और बुंदेलखंड की बदलती तस्वीर का संदेश लेकर आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *