जमीन के लालच में खून की होली: 4 बीघा के लिए पिता, बहन और भांजी की निर्मम हत्या

प्रयागराज। जिले के लोकपुर बिसानी गांव से दिल दहला देने वाला तिहरा हत्याकांड सामने आया है, जहां 4 बीघा जमीन के विवाद में एक बेटे ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी मुकेश पटेल ने जमीन न मिलने के गुस्से में अपने ही पिता राम सिंह, बहन और 14 साल की भांजी की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि राम सिंह ने यह जमीन अपने छोटे बेटे के नाम लिख दी थी, जिससे मुकेश अंदर ही अंदर नफरत पालता रहा।

ग्रामीणों के मुताबिक मुकेश का स्वभाव शुरू से ही अड़ियल और झगड़ालू था। आए दिन के झगड़ों से परेशान होकर पिता ने उसे संपत्ति से बेदखल कर दिया था और वह घर से अलग रहने लगा था। जमीन को लेकर यही विवाद धीरे-धीरे खूनी साजिश में बदल गया।

बीती रात मुकेश घर पहुंचा और पिता के दरवाजा खोलते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। गुस्से में उसने पहले राम सिंह का गला दबाकर हत्या कर दी। शोर सुनकर जब बहन और उसकी 14 वर्षीय बेटी जाग गईं, तो मुकेश ने घर में रखी कुल्हाड़ी से दोनों पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें भी मौत के घाट उतार दिया।

हत्या के बाद आरोपी काफी देर तक वहीं बैठा रहा और फिर शवों को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित सूखे कुएं तक वह तीनों शवों को घसीटते हुए ले गया और एक-एक कर कुएं में फेंक दिया। सबूत मिटाने के इरादे से ऊपर से पुआल डाल दिया, लेकिन यह खौफनाक वारदात जल्द ही उजागर हो गई और पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *