नर्मदापुरम से पिपरिया जा रही बस पलटी, बड़ा सड़क हादसा: 11 से ज्यादा यात्री घायल, कांच तोड़कर बाहर निकाले गए लोग

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब पिपरिया जा रही कटियार कंपनी की यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 11 से अधिक यात्री घायल हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है और सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक बस सोहागपुर से पिपरिया की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में ड्राइवर का नियंत्रण बस पर से हट गया और वाहन असंतुलित होकर पलट गया। बस पलटते ही कई यात्री उसके अंदर फंस गए और चीख-पुकार मच गई। हालात ऐसे हो गए कि कुछ यात्रियों को बस के पीछे का कांच तोड़कर बाहर निकालना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बिना देरी किए राहत कार्य शुरू किया। बाद में जेसीबी मशीन की मदद से बस को सीधा किया गया, जिससे अंदर फंसे बाकी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

हादसे में घायल सभी यात्रियों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार या ड्राइवर की लापरवाही मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *