इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सोनू वर्मा के खिलाफ पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। यह पूरा मामला हीरानगर थाना क्षेत्र का है, जहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले एफआरबी पर तैनात पुलिसकर्मी गोरख मोर को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे तत्काल मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान मौके पर मौजूद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सोनू वर्मा ने पुलिसकर्मी के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोप है कि सोनू वर्मा ने ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी से गाली-गलौज की और थप्पड़ मारने की धमकी तक दे डाली। इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में नाराजगी देखी गई और शिकायत के आधार पर हीरानगर पुलिस ने सोनू वर्मा के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज किया। इस केस में सोनू वर्मा के साथ दो अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। फिलहाल तीनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

