ग्वालियर में कांग्रेस नेता के घर लूट, देर रात मकान में घुसे बदमाश, फायरिंग कर 20 तोला सोना, नगद और बंदूक लेकर फरार, CCTV में कैद हुई वारदात

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है, जहां देर रात कांग्रेस नेता के घर बदमाशों ने धावा बोल दिया। लुटेरों ने विरोध करने पर बंदूक से फायरिंग की और करीब 20 तोला सोना, नगद रकम और लाइसेंसी बंदूक लूटकर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई है।

यह मामला सिरोल थाना क्षेत्र का है, जहां गोकुलधाम निवासी कांग्रेस नेता राजकुमार पाराशर के घर मंगलवार देर रात अज्ञात बदमाश घुस आए। बदमाशों ने घर में मौजूद लोगों को डराया धमकाया और लूटपाट शुरू कर दी। जब परिवार ने विरोध किया तो बदमाशों ने बंदूक से फायरिंग कर दहशत फैला दी और सभी को बंधक बनाकर सोना, नगद पैसे और लाइसेंसी बंदूक लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कांग्रेस नेता राजकुमार पाराशर ने तुरंत थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल के सबूत और पीड़ितों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर इस लूट का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *