बिहार विधानसभा सत्र में शपथ से पहले सौहार्द्र का माहौल, तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी से मिलाया हाथ और विजय सिन्हा से गले मिले

पटना। बिहार की 18वीं विधानसभा का पहला सत्र आज से शुरू हो गया है, और सत्र की शुरुआत नवनिर्वाचित विधायकों की शपथ से हुई। सबसे पहले डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने शपथ ली, और जैसे ही उन्होंने शपथ पूरी की, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपनी सीट से उठकर उनसे हाथ मिलाने पहुंचे। सदन की शुरुआत में दिखा यह सौहार्द्र का पल अचानक सभी की नज़रों का केंद्र बन गया।

इसके तुरंत बाद डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने शपथ ली। उन्होंने पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छुए और आशीर्वाद लिया, फिर तेजस्वी यादव की ओर बढ़कर उन्हें गले लगा लिया। राजनीतिक तनाव के बीच यह दृश्य एक सकारात्मक संकेत देता दिखाई दिया।

उधर, आज गया के टेकारी से विधायक अजय डांगी ऑटो से विधानसभा पहुंचे, जिससे उनका सरल और आमजन जैसा अंदाज चर्चा में आ गया। वहीं बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार ने सदन में प्रवेश करते ही प्रणाम किया, जिससे सदन की गरिमा और परंपरा दोनों की झलक मिली।

राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने इस बीच सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार वोट चोरी से बनी है और जनता का मांडेट इसके साथ नहीं है। उन्होंने कहा कि संख्या भले कम हो, लेकिन उनकी आवाज बुलंद रहेगी।

सत्र के अगले तीन दिनों का एजेंडा भी तय है। प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव शपथ दिला रहे हैं। 2 दिसंबर को नए विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा और 3 दिसंबर को राज्यपाल दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। नए विधायकों के लिए हेल्प डेस्क भी बनाया गया है, जहां उन्हें सदन की पूरी प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *