नजीबाबाद थाना क्षेत्र के रेलवे परिसर में गुरुवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक निजी शराब पार्टी अचानक मातम में बदल गई। जनसेवा केंद्र के भीतर चार युवक शराब पी रहे थे और साथ में चिकन व अंडे का सेवन कर रहे थे। बताया जा रहा है कि खाने-पीने के कुछ ही समय बाद चारों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे तड़पने लगे। इसी दौरान एक युवक नौशाद की हालत ज्यादा खराब हो गई और उसने दम तोड़ दिया, जबकि उसके तीन साथी गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती हैं।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार रात नौशाद अपने दोस्तों अफसार और चंद्र प्रकाश के साथ कामरान की दुकान पर पहुंचा था। चारों दुकान की छत पर बैठकर शराब पीने लगे और चिकन व अंडे खाए। रात करीब 11 बजे नौशाद की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घबराए दोस्त उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नौशाद की मौत के कुछ ही देर बाद उसके साथी कामरान, अफसार और चंद्र प्रकाश की हालत भी बिगड़ने लगी। तीनों को उल्टियां शुरू हो गईं और परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची और शराब की बोतल व चिकन को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया। एसपी अभिषेक झा और आबकारी विभाग की टीम भी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और बाकी तीन युवकों का इलाज जारी है।

