नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले के प्रसिद्ध सेठानी घाट पर माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, कड़ाके की ठंड और सर्द हवाओं के बावजूद हजारों श्रद्धालु मां नर्मदा के पवित्र जल में डुबकी लगाने घाट पर पहुंचे।
सुबह से ही घाट पर नर्मदे हर के जयकारे गूंजते रहे, युवा हों या बुजुर्ग सभी ने श्रद्धा भाव से स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया, स्नान के बाद माताओं और बहनों ने घाट पर स्थित शिवलिंगों का विधिवत पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
सूर्य की पहली किरण के साथ ही नर्मदापुरम की पावन धरा पर श्रद्धा और भक्ति का संगम नजर आया, मान्यता है कि माघ मास की पूर्णिमा पर नर्मदा स्नान करने से कष्टों से मुक्ति मिलती है और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है।
दिन भर घाट पर दान-पुण्य और जप-तप का सिलसिला चलता रहा, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी व्यवस्था संभालने में जुटा रहा और देर शाम तक यह आस्था का कारवां जारी रहने की उम्मीद जताई जा रही है।

