छिंदवाड़ा। रमजान के पाक महीने के बीच Chhindwara से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां इफ्तार के खाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया। रोजा खोलने के दौरान हुए इस विवाद में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे और तलवारें चलने लगीं।
मिली जानकारी के अनुसार दोपहर की नमाज के दौरान किसी बात को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई थी। उस समय तो मामला शांत हो गया, लेकिन शाम होते-होते यह विवाद फिर से भड़क गया। इफ्तार के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई।
स्थिति बिगड़ते देख किसी ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। इस दौरान झड़प में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का मुलाहजा करवाकर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि थाने में भी दोनों पक्षों के लोग आपस में बहस करने लगे, जिस वजह से पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

